थाने में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर हुई चर्चा अधिकारी रहे नदारद, नोटिस जारी होंगे
केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा। आगामी त्योहारों को लेकर बुधवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नायब तहसीलदार, एसडीओपी महेंद्र सिंह चौहान, थाना प्रभारी नवीन पांडे सहित जनप्रतिनिधि एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।बैठक में आगामी गणेश उत्सव एवं डोल ग्यारस सहित अन्य त्योहारों के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून व्यवस्था को लेकर तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
नागरिकों ने त्योहारों के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, बिजली आपूर्ति और तेज आवाज में बजने वाले डीजे पर रोक लगाने की मांग उठाई। साथ ही बनापुरा से सिवनी मालवा तक खराब पड़ी मुख्य सड़क को जल्द ठीक कराने का मुद्दा भी उठाया गया।
वहीं बैठक में कई विभागों के अधिकारी और गणेश व डोल उत्सव समितियों के पदाधिकारी अनुपस्थित रहे। इस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई। नायब तहसीलदार और एसडीओपी महेंद्र सिंह चौहान ने अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस जारी करने और इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए।

