वन-वे में तिरछी खड़ी बोलेरो से लगा लंबा जाम, एम्बुलेंस और एसडीएम का वाहन भी फंसा
केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा।नगर में सड़क निर्माण कार्य के चलते यातायात वन-वे व्यवस्था से संचालित हो रहा है। इसके बावजूद दुकान संचालकों और वाहन चालकों द्वारा वाहन बेतरतीब खड़े करने से आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। इसी को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने यातायात बाधित करने वालों पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शनिवार दोपहर सूचना मिली कि स्टेट बैंक के सामने मुख्य मार्ग पर एक बोलेरो वाहन को वन-वे मार्ग पर तिरछे और अव्यवस्थित तरीके से खड़ा कर दिया गया है। इससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में एम्बुलेंस और एसडीएम का वाहन भी फंस गया, जिससे आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
सूचना पर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और चालक को वाहन हटाने की समझाइश दी, लेकिन उसने वाहन नहीं हटाया। इसके बाद पुलिस स्टाफ ने काफी मशक्कत कर जाम खुलवाया और यातायात सुचारु कराया।
बाद में चालक के उपस्थित होने पर उसने अपना नाम सुपर पिता रमेश निवासी बैजापुर बताया। पुलिस ने बोलेरो वाहन को जप्त कर चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है।
थाना प्रभारी नवीन पांडे ने आमजन से वाहन चालकों और दुकान संचालकों से अपील की है कि निर्माण कार्य के दौरान वन-वे नियमों का पालन करें, वाहन सड़क पर बेतरतीब खड़े न करें और दुकानों के सामने ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित कराएं, ताकि जाम की स्थिति न बने। मार्ग बाधित करने वालों पर निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

