परेड, ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं मार्च-पास्ट का किया गया पूर्वाभ्यास – व्यवस्थाओं का लिया जायजा
हरदा, : स्वतंत्रता दिवस 2026 के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों के तहत गुरुवार को वीरांगना लक्ष्मीबाई मिडिल स्कूल ग्राउंड में फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। फाइनल रिहर्सल में मुख्य अतिथि के रूप में अपर कलेक्टर श्री पुरूषोत्तम कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शशांक उपस्थित रहे। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत अंजली जोसेफ जोनाथन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
फाइनल रिहर्सल के दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों का निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूर्वाभ्यास किया गया। परेड दलों ने अनुशासन एवं गरिमापूर्ण ढंग से परेड का अभ्यास किया। ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, मार्च-पास्ट सहित समारोह की अन्य व्यवस्थाओं का भी रिहर्सल के माध्यम से परीक्षण किया गया।
मंच, बैठक, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
अधिकारियों ने समारोह स्थल पर मंच व्यवस्था, परेड ग्राउंड, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन सहित आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में पूर्ण की जा रही हैं।

