हंडिया। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर में विद्यार्थियों के बीच आज शाला नायक पद हेतु चुनाव बड़ी ही उत्साहपूर्ण और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सम्पन्न हुआ।इस चुनाव में छात्र छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए विद्यालय नेतृत्व के लिए अपने प्रतिनिधि का चयन किया।
चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और शांतिपूर्ण रही
कक्षा 4थीं से 8वीं तक के छात्र-छात्राओं ने मतदान में हिस्सा लिया।कुल 205 मतदाताओं ने मतदान किया।सभी मतों की गिनती शिक्षकों की निगरानी में की गई। इस चुनाव में कक्षा 10वीं की छात्रा नंदिनी शर्मा को सर्वाधिक मत प्राप्त हुए और उन्हें शाला नायक घोषित किया गया।उनकी जीत पर छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी एवं निष्पक्ष रही।जिसमें शिक्षकों ने चुनाव अधिकारी की भूमिका निभाई। इस दौरान बहन नंदिनी ने कहा कि”मैं सभी भैया बहनों का धन्यवाद करती हूं जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया।मैं सबकी बात सुनूंगी और अनुशासन,स्वच्छता और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाऊंगी।”
विद्यालय प्रधानाचार्य ने नवनिर्वाचित शाला नायक को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में विद्यालय का शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक विकास और अधिक गति पकड़ेगा।

