भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित देश भर में महाशिवरात्रि का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। भोपाल में भगवान शिव की बारात निकाली गई। इसमें चांदी के नंदी पर सवार बाबा बटेश्वर बिराजे। इस रथ को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खींचकर रवाना किया। इसके पहले मुख्यमंत्री ने बड़वाले महादेव मंदिर में भगवान शिव पार्वती की पूजा की। उन्होंने भगवान शिव से प्रदेश की तरक्की की प्रार्थना की. केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी बड़वाले महादेव मंदिर पहुंचे।
डमरू दल के साथ सीएम ने भी बजाया डमरू
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बड़वाले महादेव मंदिर में भगवान शिव-पार्वती की पूजा करने के बाद नंदी पर बैठे बाबा बटेश्वर के रथ की आरती की. इसके बाद उनके रथ को खींचा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि “हम सभी का सौभाग्य है कि भगवान महादेव के आशीर्वाद से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और हमारा मध्य प्रदेश आगे बढ़ रहा है। हम सभी सनातन संस्कृति के संवहन महाशिवरात्री का आनंद ले रहे हैं। बाबा के आशीर्वाद से बाबा महाकाल के महालोक का आनंद आया। सर्वाधिक धार्मिक नगरी के दृष्टि से सबसे बड़ी श्रद्धालुओं की संख्या मध्य प्रदेश आ रही है। इसी तरह हमारा सौभाग्य है कि बाबा की कृपा हम सभी पर बनी रहे। मध्य प्रदेश और देश आगे बढ़े। हमारी कामना है कि भगवान सभी के जीवन से कष्ट को दूर करें, सभी आगे बढ़ें, सभी निरोग हों, सभी आनंद में रहें।”
डमरू दल ने दी प्रस्तुति
बड़वाले महादेव मंदिर से शुरू हुई बाबा बटेश्वर महादेव की बारात राजधानी भोपाल के विभिन्न स्थानों से गुजरती हुई रात 10 बजे मां भवानी मंदिर पहुंचेगी। जहां वरमाला की रस्मों को किया जाएगा। बाजार में युवाओं का डमरू दल आकर्षक का केन्द्र हैं। इसमें पहली बार 50 से ज्यादा बालिकाओं का दल भी शामिल है। इसके अलावा प्रदेश के प्रमुख बैंड भी इसमें अपनी प्रस्तुति दे रहे हैं।
शिवराज भी पहुंचे मंदिर
उधर केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी बड़वाले महादेव मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा अर्चना की। इस दौरान महापौर मालती राय, सांसद आलोक शर्मा, जिला अध्यक्ष रवीन्द्र यति भी मौजूद थे।

