हरदा, : बधिर व्यक्तियों के अंतर्राष्ट्रीय सप्ताह 2026 के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह के मार्गदर्शन में गुरूवार को लाल स्कूल ग्वालनगर हरदा एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर शासकीय उत्कृष्ट उ.मा. विद्यालय के बालिका छात्रावास में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिला चिकित्सालय हरदा के नाक, कान, गला विशेषज्ञ डॉ. राजेश सतीजा एवं ऑडियोलॉजिस्ट नीरज मालवीय ने बच्चों के कानों की जांच की। वहीं आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. मंजू वर्मा ने बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की।
इस दौरान बच्चों को कान की देखभाल के संबंध में सामान्य जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने डीजे और ईयरफोन के अत्यधिक उपयोग से कानों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों तथा मोबाइल के अत्यधिक प्रयोग से होने वाले खतरों के बारे में विस्तार से बताया।
डॉ. भीमराव अम्बेडकर उत्कृष्ट बालिका छात्रावास में कुल 98 बालिकाओं की जांच की गई, जिनमें से 11 बालिकाओं में कान संबंधी समस्या पाई गई, जिन्हें परामर्श दिया गया। शिविर में 4 बालिकाओं को विशेष जांच के लिए जिला चिकित्सालय बुलाया गया। वहीं लाल स्कूल ग्वालनगर हरदा में कुल 132 बच्चों की जांच की गई, जिनमें 28 बच्चों में कान संबंधी समस्याएं पाई गईं।
चिन्हित विशेष बच्चों की जांच जिला चिकित्सालय के डीईआईसी केन्द्र में की जाएगी। इस अवसर पर प्राचार्य संतोष यादव, डीईआईसी मैनेजर आशीष साकल्ले, वार्डन गुलाब बाई उईके, अर्चना चौरसिया सहित विद्यालय का स्टॉफ उपस्थित रहा।

