भोपाल। राजधानी भोपाल के मंदिरों में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आज कान्हा के जन्म पर आरती और घंटे घड़ियाल बजेंगे। कान्हा का अभिषेक, आरती और भजन कीर्तन होंगे। पटेल नगर इस्कॉन मंदिर में प्रदेश का सबसे बड़ा जन्माष्टमी महोत्सव होगा।
कोलार के स्वामी प्रभुपाद मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर में विशेष आयोजन किए जाएंगे। जन्माष्टमी पर भगवान राधा गोविंद को विशेष फ्लावर ड्रेस पहनाई जाएगी। इसके लिए नासिक, पुणे, मुंबई, इंदौर आदि शहरों से फूल मंगाए गए हैं। करुणाधाम आश्रम में इको-फ्रेंडली पोशाक नागपुर से मंगाई गई है। इसके साथ ही शहर के कई प्रमुख स्थानों पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता लालघाटी चौराहे पर 51 फीट और नेहरू नगर में 21 फीट की मटकी के साथ होगी। विजेताओं के लिए 21 हजार इनाम रखे गए हैं।
सुबह 4:30 से हुई महोत्सव की शुरूआत
इस्कॉन कोलार अध्यक्ष रसानंद दास ने बताया कि महोत्सव की शुरूआत सुबह साढ़े चार बजे मंगल आरती से हुई। भगवान को विशेष फ्लॉवर ड्रेस पहनाकर विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। इस्कॉन की 9 एकड़ भूमि वृंदावन की तरह नजारा दिखाई देगा। इसके साथ ही खेतों के बीच स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी पर दिनभर भंडारा चलेगा। भगवान के लिए तीन सौ क्विंटल का फलाहारी प्रसाद वितरण सुबह सात बजे से शुरू होगा जो भगवान के प्रगटोत्सव तक चलेगा। दूसरी ओर मंदिर के अलावा दो किलोमीटर की सड़क पर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है। पूरे मंदिर में आकर्षक पुष्प सज्जा की गई है।
भोपाल के सबसे बड़े लड्डू गोपाल
मां वैष्णो धाम आदर्श नोदुर्गा मंदिर बाबा खाटू श्याम मन्दिर प्लेटिनम प्लाजा अटल पथ पुराना मातामन्दिर में जन्माष्टमी महापर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिर के व्यवस्थापक पंडित चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि भोपाल के सबसे बड़े लड्डू गोपाल को प्रात: 10 पंचामृत दूध दही घी से शक्कर फलों के रस से अभिषेक कराया जाएगा उसके पश्चात उन्हें पालने में नए वस्त्र धारण कर कर बैठाया जाएगा फूलों से श्रृंगार होगा भोग अर्पित होंगे भजन होंगे रात्रि 12 बजे महाआरती होगी।
बरखेड़ा में श्री कृष्ण मंदिर में होंगे आयोजन
बरखेड़ा स्थित श्री कृष्ण मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। अध्यक्ष सुनील यादव ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर देर रात को आरती और प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

