हरदा। शुक्रवार को वनग्राम बड़झिरी में वनमंडल अधिकारी हरदा सामान्य श्रीमती ज्योति मुड़िया के निर्देशन में वन परिक्षेत्र मगरधा सामान्य की समस्त वन समितियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप वनमंडल अधिकारी दक्षिण हरदा सामान्य राकेश लहरी एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी मगरधा सामान्य मुकेश रघुवंशी ने वन समितियों के पदाधिकारियों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान वनग्राम से राजस्व ग्राम में संपरिवर्तन, वर्ष 2005 के पूर्व के पात्र अतिक्रामकों के समस्त दावों को MPFRA पोर्टल पर दर्ज कराने, वन सुरक्षा तथा काष्ठ लाभांश राशि से कराए जाने वाले विकास कार्यों के प्रस्ताव को लेकर जानकारी एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में समिति सदस्यों द्वारा अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिन पर चर्चा कर उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर वन परिक्षेत्र मगरधा सामान्य का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। बैठक का उद्देश्य वन समितियों के साथ समन्वय बढ़ाने तथा वन संरक्षण एवं ग्राम विकास से जुड़े कार्यों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाना रहा।

