जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र हरदा की सराहनीय पहल, जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक पहुँच रही शासन की सेवाएँ
हरदा : दिव्यांगजनों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन हरदा द्वारा निरंतर सराहनीय प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र हरदा द्वारा संचालित घर पहुँच सेवा के अंतर्गत एक जरूरतमंद दिव्यांगजन को उनके निवास पर व्हीलचेयर प्रदान की गई।
उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग कमलेश सिंह ने बताया कि जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र हरदा द्वारा दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निरंतर घर पहुँच सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इसी क्रम में बुधवार 14 अक्टूबर को जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के विशेषज्ञों द्वारा ग्वाल नगर, हरदा निवासी राकेश विश्वकर्मा के आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। चिकित्सक की अनुशंसा के उपरांत उन्हें उनके निवास स्थान पर पहुँचकर व्हीलचेयर प्रदान की गई।
दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम बनाना प्राथमिकता
उप संचालक कमलेश सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि पात्र दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण एवं पुनर्वास संबंधी सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
विशेष रूप से ऐसे दिव्यांगजन, जिन्हें आवागमन में कठिनाई होती है, उन तक आवश्यक सेवाएँ पहुँचाने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है। जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र हरदा की यह पहल दिव्यांगजनों को सुविधा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
घर-घर पहुँच रही संवेदनशील प्रशासन की सेवाएँ
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित यह सेवा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण की भावना को साकार कर रही है। इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र जरूरतमंद दिव्यांगजन तक आवश्यक सहायता पहुँचाकर उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम एवं सम्मानजनक बनाना है।

