जिला शतरंज संघ की पहल से उभरते खिलाड़ियों को मिलेगा नियमित प्रशिक्षण, कोच के मार्गदर्शन में निखरेगी प्रतिभा
हरदा। जिले में शतरंज के खेल को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को तराशने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला शतरंज संघ, हरदा के तत्वावधान में स्थानीय इनडोर स्टेडियम में चेस एकेडमी का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने फीता काटकर एकेडमी का उद्घाटन किया तथा शतरंज की पहली चाल चलकर खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण की शुरुआत की।
इस अवसर पर जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष आलोक जैन ने बताया कि पिछले एक वर्ष में हरदा में विभिन्न शतरंज प्रतियोगिताओं के आयोजन के माध्यम से लगभग 500 खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित हुई है। यह जिले में शतरंज के प्रति बढ़ते उत्साह और खेल की लोकप्रियता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराने के बाद अब उन्हें नियमित अभ्यास और व्यवस्थित प्रशिक्षण की सुविधा देने के उद्देश्य से एकेडमी प्रारंभ की गई है। यहां अनुभवी कोच के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को शतरंज की बारीकियां सीखने, अपनी खेल क्षमता विकसित करने और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी करने का अवसर मिलेगा।
कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा कि नियमित अभ्यास से ही खिलाड़ियों की प्रतिभा में निखार आता है। किसी भी खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और उचित मार्गदर्शन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कुछ कार्य तत्काल परिणाम देते हैं, जबकि कुछ कार्यों का सकारात्मक प्रभाव लंबे समय तक दिखाई देता है।
हरदा में चेस एकेडमी की स्थापना ऐसा ही एक स्थायी प्रयास है, जो आने वाले वर्षों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर हरदा का नाम रोशन कर सकते हैं।
एकेडमी का शुभारंभ जिले में शतरंज के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, खेल में दक्षता हासिल करने तथा जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के बेहतर अवसर मिलेंगे। इनडोर स्टेडियम में अभ्यास की व्यवस्था होने से खिलाड़ियों को नियमित रूप से एक स्थान पर एकत्रित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करने की सुविधा भी मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष आलोक जैन, मीडिया प्रभारी रोहित तिवारी, कोषाध्यक्ष सत्यम बंसल, उपाध्यक्ष डॉ. भागवत सिंह तोमर, दिलीप शर्मा, अक्षय सिंह, रामनिवास जाट, सचिव मनमोहन कुशवाह, सह-सचिव गणेश पटेल, दिनेश पाटिल, सदस्य सलमा खान, राजेश गौर, यश पचौरी, प्रीता पटेल सहित शतरंज खिलाड़ी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
सभी ने एकेडमी की शुरुआत का स्वागत करते हुए इसे हरदा में शतरंज के भविष्य के लिए सकारात्मक पहल बताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. भागवत सिंह चौहान ने किया, वहीं रोहित तिवारी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

