वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप देश में वोटिंग मशीन (ईवीएम) से मतदान खत्म करने जा रहे हैं। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर यह बात कही। उन्होंने ई-मेल से होने वाले मतदान पर भी रोक लगाने की बात कही। ट्रंप ने पोस्ट में लिखा कि वह एक एग्जीक्यूटिव आदेश देने वाले हैं। इसके बाद 2026 के मध्यावधि चुनाव में वोटिंग मशीन और ई-मेल से मतदान नहीं होगा। ट्रंप काफी अरसे से मशीन और मेल मतपत्रों का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि वोटिंग मशीनें हैक हो सकती हैं और इनसे चुनावी धोखाधड़ी को अंजाम दिया जा सकता है।
ट्रंप ने अपने ट्रुथ पर पोस्ट में लिखा उन्होंने ईवीएम मशीन से चुनाव में गड़बड़ी की आशंका जताई है। हालांकि अभी तक अमेरिकी चुनाव में ऐसी गड़बड़ी देखने को नहीं मिली है। बता दें डेमोक्रेट्स मेल मतपत्रों से वोटिंग का समर्थन करते हैं। उनका मानना है कि इस प्रक्रिया से उन लोगों को मतदान में भाग लेने का मौका मिल जाता है, जो सामान्य तौर पर वोट डालने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे लोगों में बुजुर्ग, दिव्यांग आदि शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दूसरी ओर ट्रंप और रिपब्लिकंस मेल-इन वोटिंग से चुनावी गड़बड़ी की आशंका जताते हैं। उनका कहना है कि ईवीएम मशीन को हैक कर लिए जाने का डर है। ट्रंप ने कहा कि मैं एक अभियान शुरू करने जा रहा हूं। इसमें मेल-इन बैलट और बेहद गलत, महंगी और गंभीर रूप से विवादास्पद वोटिंग मशीनों से छुटकारा पाने की कवायद होगी। ट्रंप ने आगे लिखा यह वोटिंग मशीनें वॉटरमार्क पेपर की तुलना में 10 गुना ज्यादा महंगी पड़ती हैं। उन्होंने पेपर से होने वाले चुनाव को तेज और बिना कोई आशंका वाला बताया। ट्रंप ने लिखा है कि पेपर से पारदर्शी और साफ-सुथरा चुनाव होता है। नतीजों में भी स्पष्टता रहती है।

