सतना। कलेक्टर अजय कटेसरिया की अध्यक्षता मे मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष मे पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में आयुक्त नगर निगम अमनबीर सिंह बैस, अग्रणी जिला प्रबंधक पीसी वर्मा सहित सभी बैंको के बैंक प्रबंधक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे ।
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि नगर पालिका अधिकारी लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर छानबीन करने के बाद ही बैंको को स्वीकृति हेतु पथ विक्रताओं के प्रकरण भेजें। जिन पंजीकृत पथ विक्रेताओ के पास स्मार्ट फोन नही हैं, उनके लिए स्मार्ट फोन की बाध्यता को समाप्त करते हुए बैंक हितग्राहियो के प्रकरण स्वीकृत करें । स्वनिधि योजना अंतर्गत मार्च 2020 के पूर्व का वेंडर होने का प्रमाण-पत्र जिनका नही है, उनका ऋण नगर निगम अथवा नगर पंचायत के सत्यापन के आधार पर स्वीकृत करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार 25 रूपये का स्टाम्प पेपर के आधार पर ऋण स्वीकृत करें। पति-पत्नी यदि दोनो आवेदन करता है, तो पात्रतानुसार एक सदस्य को ऋण स्वीकृत किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के तहत सभी बैंक प्राथमिकता के आधार पर पात्र हितग्राहियों का ऋण स्वीकृत करें। उन्होंने ने बताया कि योजनान्तर्गत कोई भी पात्र हितग्राही छूटे नही इसका ध्यान रखें। सभी बैंक प्रबंधक व्यक्तिगत रूप से रूचि लेकर पीएम स्वनिधि योजना के तहत 10 हजार रूपये का ऋण स्वीकृत करे। जिला कलेक्टर ने जिले के सभी बैंकों को दिए गए लक्ष्य, स्वीकृत ऋण एवं प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर एवं आयुक्त नगर निगम और अग्रणी जिला प्रबंधक ने बैंक प्रबंधकों को ऋण स्वीकृत करने मे आ रही समस्याओ का भी निराकरण किया।

