मकड़ाई समाचार इंदौर। टायर व्यापारी अशोक कुमार वर्मा की हत्या के बाद नौकरानी ब्रजेश और उसका पति राजकुमार उसी के पैसों से ओंकारेश्वर घूमने गए थे। व्यापारी के नौकरानी से अवैध संबंध थे। व्यापारी ने कुछ VIDEO भी बना रखे थे। ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर नौकरानी और उसके पति ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों सिमरोल के जंगल में पिकनिक मनाने के बहाने एक ही बाइक से व्यापारी को जंगल लेकर गए थे।
ASP राजेश रघुवंशी के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले नौकरानी ने व्यापारी को मिलने की बात तय की थी। तीनों सिमरोल गए। यहां ब्रजेश और व्यापारी अशोक झाड़ियों में उतर गए। राजकुमार थोड़ी दूर खड़ा हो गया। जब दोनों के बीच बातचीत होने लगी, तभी पीछे से आकर राजकुमार ने अशोक के सिर में गोली मार दी। दंपती का आरोप है कि 25 सितंबर को भी व्यापारी ने पत्नी से गलत हरकत की। इसके बाद दोबारा भी सिमरोल में आने का प्लान बनाया था। व्यापारी की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर ही उसे ठिकाने लगाने की प्लानिंग की।
VIDEO वायरल करने की धमकी देता था व्यापारी
TI इंद्रमणी पटेल ने बताया कि व्यापारी ने नौकरानी से अवैध संबंध का VIDEO बना लिया था। वायरल करने की धमकी देकर वह उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता था। लॉकडाउन के वक्त घर की आर्थिक स्थिति बिगड़ने पर नौकरानी ने व्यापारी से कुछ रुपए लिए थे। बाद में नौकरानी के दूरी बनाने पर व्यापारी उसे रुपए वापस करने को लेकर भी दबाव डालने लगा।
घटना से पहले भी गए थे सिमरोल
आरोपी राजकुमार ने पुलिस को बताया वह सागर से काम की तलाश में 2015 में इंदौर आया था। पत्नी ब्रजेश व्यापारी के घर काम करने जाती थी, तभी कारोबारी ने उससे अवैध संबंध बना लिए। लॉकडाउन में राजकुमार और ब्रजेश सागर लौट गए। कुछ समय पहले काम देने का बोलकर व्यापारी ने दंपती को बुला लिया। इसके बाद ब्रजेश पर दोबारा शारीरिक संबंध बनाने के दबाव डालने लगा। इसकी जानकारी ब्रजेश ने अपने पति राजकुमार को दी। 25 सितंबर को तीनों काम के बहाने सिमरोल गए थे। यहां भी व्यापारी ने ब्रजेश से अश्लील हरकत की। फिर राजकुमार ने ब्रजेश के साथ मिलकर प्लान बनाया। 2 अक्टूबर को कारोबारी को भी दंपती ने बुलाया और तीनों एक ही बाइक से सिमरोल के जंगल गए।
2015 में हुई थी पहचान
जांच में पता चला कि टायर व्यापारी 6 साल पहले तक ट्रांसपोर्ट नगर में व्यापार करता था। लिंबोदी में रहता था, लेकिन बाद में कैलाशपुरी में आकर रहने लगा। यहां देवास नाका में दुकान डाल ली। 2015 में देवास नाका पर ही काम के दौरान राजकुमार के जरिए उसकी पहचान ब्रजेश हुई थी।
अमेरिका से MBA कर रहा बेटा
अशोक के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी की शादी हो गई है, जबकि छोटी इंदौर में ही पढ़ाई करती है। बेटा MBA की पढ़ाई के लिए कुछ समय पहले ही अमेरिका गया था। उसे परिवार के लोगों ने जानकारी दी, तो उसे यकीन नहीं हुआ। अशोक का अंतिम संस्कार दोस्तों और परिवार की मौजूदगी में किया गया।