मकड़ाई समाचार भोपाल। राजधानी के तलैया थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मुस्लिम महिला विवाह संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। उसकी शादी डेढ़ वर्ष पहले ही हुई थी। मामला थाने पहुंचने की भनक लगते ही आरोपित पति घर से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
तलैया थाना पुलिस के मुताबिक इब्राहिमपुरा निवासी 19 वर्षीय महिला की शादी एक जुलाई 2020 को न्यू कबाड़खाना, हनुमानगंज निवासी मोहम्मद शकील से हुई थी। शकील कबाड़खाने में कबाड़ का कारोबार करता है। महिला ने शिकायत में पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही पति शकील उससे मायके से दहेज लाने के लिए दबाव बनाने लगा था। महिला जब अपने मायके की हैसियत बताते हुए दहेज नहीं ला पाने की बात करती थी, तो शकील उसके साथ मारपीट करता था। आए दिन की प्रताड़ना से परेशान होकर अंतत: महिला तलैया क्षेत्र में अपने मायके में आकर रहने लगी थी। इस दौरान भी शकील उसे फोन कर दहेज में रुपये लाने का दबाव बनाता रहा था। महिला ने पुलिस को बताया कि 30 अक्टूबर 2021 को वह अपने घर पर थी। इस दौरान पति शकील उसके घर पहुंचा। इस दौरान पीड़िता की बड़ी बहन भी घर में मौजूद थी। वहां विवाद करते हुए शकील ने पत्नी के साथ मारपीट की। साथ ही तीन बार तलाक बोलकर विवाह संबंध खत्म होने की बात कहकर वहां से चला गया। इससे महिला का परिवार सकते में आ गया। इस मामले में परिवार के लोगों ने शकील को समझाने की भी कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।