अजीम ने अपनी शादी करवाने के लिए सीएम से भी गुहार लगाई थी
कैराना। ढाई फीट के अजीम मंसूरी की आखिरकार शादी की हसरत बुधवार को पूरी हो गई। सेहरा पहनकर दूल्हा बने अजीम मंसूरी बारात के साथ हापुड़ पहुंचे। यहां ढाई फीट के अजीम मंसूरी का तीन फीट की बुशरा के साथ उनका निकाह हुआ।
बता दें कि अपने छोटे कद और शादी की मंशा सार्वजनिक करने के बाद अजीम केवल कैराना ही नहीं पूरे देश में चर्चित चेहरा बन गए थे। दरअसल अजीम मंसूरी पिछले डेढ़ साल से शादी के लिए परेशान थे। उन्होंने अपनी शादी करवाने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ से भी गुहार लगाई थी। पिछले साल ढाई फीट के अजीम मंसूरी ने कोतवाली में पहुंचकर पुलिस से शादी कराने की गुहार लगाई थी।
अजीम ने कहा था कि सर आप पुलिस की हूटर वाली गाड़ी बुला लो और मेरे साथ घर पर चलो। मेरे अब्बू-अम्मी से मेरी शादी कराने के लिए सिफारिश कर दो। मैं आपका यह अहसान मैं जिंदगी भर नहीं भूलूंगा। अजीम मंसूरी ने अपनी शादी को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव तक गुहार लगाई थी। वहीं आज अजीम के दूल्हा बनने से परिवार में खुशी का माहौल है।

