मकड़ाई समाचार भोपाल। राजधानी के ईंटखेड़ी थाना इलाके में पातरा नदी में नवजात शिशु का शव मिलने से का सनसनी फैल गई है। घटना गुरुवार दोपहर की है। नदी के पुल पर कुछ लोग मछली पकड़ रहे थे, तभी किसी की नजर नदी के किनारे की ओर पड़े एक नवजात के शव पर पड़ी। यह देख वे लोग सन्न रह गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात के शव को बाहर निकाला। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक इस्लाम नगर निवासी शमीम खान ने गुरुवार को दोपहर सवा तीन बजे सूचना दी थी कि वह अपने साथियों के साथ पुल पर मछली पकड़ने आया था। इसी दौरान उनकी नजर पातरा पुल के पास नदी में नवजात शिशु के शव पर पड़ी। इस पर उसने आसपास के लोगों को इसके बारे में बताया और ईंटखेड़ी थाना पुलिस को भी इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वहां मौजूद लोगों की मदद से रस्सी के सहारे प्लास्टिक की कैरेट से नवजात शिशु के शव को नदी से बाहर निकाला। साथ ही मौके पर मौजूद लोगों के सामने पंचनामा तैयार किया गया। पुलिस घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात आरोपित की तलाश में जुटी हुई है।
ईंटखेड़ी थाने के प्रभारी उपनिरीक्षक मकरंद पांडे ने बताया कि पातरा नदी से नवजात का शव बरामद किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस आरोपित का पता लगाने का पूरा प्रयास कर रही है। पुलिस इलाके के लोगों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज करेगी और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी के फुटेज भी खंगाले जाएंगे। पुलिस आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में भी हाल ही में जन्मे बच्चों का रिकार्ड पता कर सुराग तलाशने में जुटी है।

