महिला कर्मचारी से मालिक ने किया दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाया, वायरल करने की धमकी देकर कर रहा था शोषण
महिला उसकी कंपनी में करती थी काम, एक दिन उसने महिला के साथ डरा-धमकाकर की ज्यादती
मकड़ाई समाचार भोपाल। पिपलानी थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर एक निजी फायनेंस कंपनी के मालिक के खिलाफ दुष्कर्म करने का केस दर्ज किया है। महिला उसकी कंपनी में काम करती थी। एक दिन उसने महिला के साथ डरा-धमकाकर ज्यादती की थी। इसके बाद वह महिला को घटना का वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने लगा था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पिपलानी थाना पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में रहने वाली 35 वर्षीय विवाहित महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसमें बताया कि वह निशातपुरा क्षेत्र में रहने वाले राजेंद्र नामदेव नाम के व्यक्ति की फायनेंस कंपनी में नौकरी करती थी। छह मार्च 2021 को राजेंद्र ने उसके साथ डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। महिला ने विरोध करते हुए घटना की शिकायत पुलिस में करने की बात कही, तो उसने बताया कि उसने घटना का अश्लील वीडियो बना लिया है। उसे वह इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर देगा। इसके बाद राजेंद्र ने वीडियो वायरल करने की बात कहकर ब्लैकमेल करते हुए महिला का लगातार शारीरिक शोषण करने लगा। परेशान होकर महिला ने उसके यहां से नौकरी छोड़ दी और घर में रहने लगी। इसके बाद राजेंद्र फोन कर उसे धमकाते हुए अपने पास बुलाने लगा। राजेंद्र ने छह मार्च से लेकर 15 मई तक महिला के साथ कई बार ज्यादती की। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने गुरुवार दोपहर को राजेंद्र नामदेव के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब उस वीडियो की तलाश कर रही है, जिसके आधार पर राजेंद्र महिला को ब्लैकमेल कर रहा था।