मुख्यमंत्री के अवैध उत्खनन रोकने के आदेश पालन में प्रशासन की रुचि को लेकर संशय ! – कृषि मंत्री ने खनिज अधिकारी को 3 दिन का अल्टीमेटम दिया
हरदा । मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना कार्यक्रम में 19 अप्रैल को रहटगांव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भरी सभा मे कमिश्नर, कलेक्टर व एसपी को अवैध उत्खनन को रोकने की बात कही थी। प्रशासनिक अधिकारी भी मंच पर मुख्यमंत्री की बात पर सिर हिलाकर सहमति देखे गए थे।
आश्चर्य की बात यह है कि मुख्यमंत्री के दौरे के करीब एक माह गुजरने के बाद भी उनके आदेश पालन को लेकर प्रशासन गंभीर न हो सका। मीडिया में लगातार उत्खनन की खबरें प्रकाशित प्रसारित होती रहीं।
यहां सवाल उठता है कि क्या प्रशासनिक अधिकारी मुख्यमंत्री की बात को लेकर संजीदा नहीं है ! या भरी सभा मे प्रशासनिक अधिकारियों को उत्खनन रोकने की बात कहते हुए मुख्यमंत्री संजीदा नहीं थे।
यदि आला अधिकारियों ने अवैध उत्खनन रोकने के आदेश जारी भी किये थे तो उनका परिपालन जनसंपर्क की खबरों में कहीं नहीं दिखा। यही वजह थी कि करीब एक माह गुजरने के बाद मुख्यमंत्री के आदेश का पालन न होने पर 15 मई को कॄषि मंत्री कमल पटेल को 3 दिन का अल्टीमेटम देना पड़ा। यह अल्टीमेटम साबित करता है कि यहां सब कुछ ठीक ठाक नहीं चल रहा है।
जनचर्चा यह है कि जो अधिकारी मुख्यमंत्री की बात को लेकर गंभीर नहीं है वे कृषिमंत्री के आदेश को कितने दिन में भुला देंगे।
इस बात को लेकर चर्चा आम है कि यदि मुख्यमंत्री की बात में दम होता तो एक माह बाद कॄषिमंत्री को अल्टीमेटम ही क्यों देना पड़ता?
कुल मिलाकर देखा जाए तो हरदा ज़िला भगवान भरोसे चल रहा है। ऐसा हम नहीं कह रहे बल्कि जनता जनार्दन, मुख्यमंत्री के रहटगांव दौरे के बाद ऐसा महसूस कर रही है। वैध, अवैध शब्दों की परिभाषाओं के आपस में बदलने को लेकर भी काफी चर्चा है।
फिलहाल जनता को कृषि मंत्री के आदेश के तीसरे दिन का इंतज़ार है।
क्या कहा कृषि मंत्री ने –
अवैध उत्खनन व अवैध शराब की बिक्री रोकें अन्यथा होगी कार्रवाई – कमल पटेल
प्रदेश के कृषि मंत्री श्री कमल पटेल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक ली और निर्देश दिये कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नागरिकों को दिलाया जाए। अगले तीन दिनों में बहती नदियों से रेत के अवैध उत्खनन को रोका जाए अन्यथा खनिज अधिकारी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होने रेत के अवैध उत्खनन में शामिल पोकलेन व अन्य मशीनों को जप्त करने तथा रेत परिवहन की ओवर लोडिंग में शामिल सभी डम्पर्स संचालकों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही के निर्देश भी खनिज अधिकारी को दिये। कृषि मंत्री श्पटेल ने जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिये कि जिले में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी ढंग से रोक लगाएं। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेड़िया, कलेक्टर ऋषि गर्ग, पुलिस अधीक्षक संजीव कंचन, वन मण्डल अधिकारी अंकित पाण्डे, जिला पंचायत के सीईओ रोहित सिसोनिया, अपर कलेक्टर प्रवीण फुलपगारे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी भी मौजूद थे।

