मकड़ाई समाचार हरदा। शासन द्वारा ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना 5 मार्च से आरम्भ की गई है। योजना के लिए आवेदन भरने की तिथि 25 मार्च से पूर्व आवश्यक कार्य किये जाने है। जिसमें आवेदक का समग्र आईडी, समग्र आधार लिंकड एवं ई-केवाईसी पूर्ण बैंक खाता होना आवश्यक है। इस कार्य के लिये 13 मार्च से संपूर्ण जिले में ई-केवाईसी अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर ऋषि गर्ग ने ई-केवाईसी अभियान के लिये ग्रामीण क्षेत्रों के लिये मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रोहित सिसोनिया तथा शहरी क्षेत्र के लिये अपर कलेक्टर प्रवीण फुलपगारे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसके अलावा समस्त मुख्य नगर पालिका अधिकारी संबंधित नगरीय क्षेत्र तथा समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ग्रामीण क्षेत्र के नोडल अधिकारी होंगे। साथ ही जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय त्रिपाठी को प्रतिदिन अभियान की रिपोर्ट तैयार करने का दायित्व सौंपा गया है। कलेक्टर गर्ग ने जिले में ई-केवाईसी अभियान के क्रियान्वयन के लिये नगरीय क्षेत्र एवं ग्रामीण क्षेत्र के लिये क्लस्टर प्रभारी एवं वार्ड प्रभारी नियुक्त कर दायित्व सौंपे है।
कलेक्टर श्री गर्ग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि समस्त अधिकारी 25 मार्च 2023 से पूर्व समस्त आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करायेंगे एवं योजना के सघन क्रियान्वयन हेतु सतत् समीक्षा करेंगे। साथ ही ग्राम पंचायत के सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, पटवारी, क्लस्टर के उपयंत्री, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका आदि को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे तथा यह सुनिश्चित करायेंगे कि समय सीमा में लाड़ली बहना योजना के आवेदन प्रक्रिया पूर्ण हो।

