सिराली में 16 वर्षीय छात्रा की मौत, घर में अज्ञात पदार्थ का किया सेवन
सिराली। तहसील सिराली के ग्राम भगवानपुरा निवासी कक्षा 10 की छात्रा खुशी (16), पिता अजय सोलंकी ने गुरुवार सुबह करीब 8 बजे घर में रखे किसी अज्ञात पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था।
परिजनों को जानकारी मिलने के बाद छात्रा को तत्काल सिराली अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल हरदा रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया गया कि बालिका सिराली की एक निजी स्कूल, सिराली में कक्षा 10 में अध्ययनरत थी। उसके पिता किसान हैं। परिवार में तीन बच्चे—दो बेटियां और एक बेटा हैं। खुशी परिवार की बड़ी बेटी थी।
घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

