सेवा संकल्प अभियान के तहत डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन ने आयोजित किया 15वां शतरंज टूर्नामेंट
कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
हरदा : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन, हरदा द्वारा रविवार को पॉलिटेक्निक कॉलेज में 15वें शतरंज टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 178 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी शतरंज प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें अंडर-14 आयु वर्ग के 72 और ओपन वर्ग के 106 खिलाड़ी शामिल रहे। खिलाड़ियों ने अपनी रणनीतिक सोच, एकाग्रता और सूझबूझ से मुकाबलों को रोमांचक बनाया।
कार्यक्रम में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हरदा में पिछले लगभग एक वर्ष से नियमित रूप से शतरंज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से जिले में शतरंज के क्षेत्र में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आए हैं। नियमित प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल रहा है।
डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक जैन ने कहा कि हरदा में शतरंज के प्रति लोगों की रुचि लगातार बढ़ रही है। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि जिले में यह खेल लोकप्रिय हो रहा है। एसोसिएशन का प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को आगे लाया जाए।
ओपन वर्ग में वैभव तोमर ने हासिल किया प्रथम स्थान
प्रतियोगिता के ओपन वर्ग में वैभव तोमर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भूपेश विश्वकर्मा द्वितीय और सागर पाहुजा तृतीय स्थान पर रहे। जय बजाज ने चौथा, हितेश जरिया ने पांचवां, मृदुभाषी त्रिपाठी ने छठवां, यश विश्वकर्मा ने सातवां, युवराज जायसवाल ने आठवां, रविन्द्र रूपनारायण ने नौवां और अक्षय सिंह तोमर ने दसवां स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार दिवम आर्य ने ग्यारहवां, रविन्द्र थाटे ने बारहवां, सत्यम ठोंबरे ने तेरहवां, यश पचौरी ने चौदहवां तथा सद्दाम पठान ने पंद्रहवां स्थान हासिल किया।
अंडर-14 वर्ग में श्री राघव सिंह रहे प्रथम
14 वर्ष से कम आयु वर्ग में राघव सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रख्यात अग्रवाल द्वितीय और आर्यन सोलंकी तृतीय स्थान पर रहे। शिवांश पाराशर ने चौथा, शौर्य काकड़े ने पांचवां, रेयांश श्रीमाली ने छठवां, आदित्य मलैया ने सातवां, राधा साहू ने आठवां, अदिति बघेल ने नौवां तथा कोठारी पर्व जैन ने दसवां स्थान प्राप्त किया।
एसोसिएशन पदाधिकारी और अभिभावक रहे उपस्थित
प्रतियोगिता के दौरान डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक जैन, मीडिया प्रभारी रोहित तिवारी, कोषाध्यक्ष सत्यम बंसल, उपाध्यक्ष डॉ. भागवत सिंह तोमर, अक्षय तोमर, सचिव मनमोहन कुशवाह, सह-सचिव गणेश पटेल, कृष्णा गुर्जर, दिनेश पाटिल और मनीष प्रजापति सहित खिलाड़ियों के माता-पिता एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी रोहित तिवारी ने अतिथियों, प्रतिभागियों, अभिभावकों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

