थाना प्रभारी आरपी कवरेती ने दिए निर्देश; प्रत्येक समिति में रजिस्टर संधारण, रात में एक सदस्य की मौजूदगी और धीमी आवाज में गाने बजाने पर जोर
हंडिया। नवरात्रि गरबा आयोजन और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से हंडिया थाने में रविवार शाम को बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी आरपी कवरेती एवं सब इंस्पेक्टर बलराम यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न समितियों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
DJ बजाने के लिए लेनी होगी अनुमति
बैठक में थाना प्रभारी आरपी कवरेती ने गरबा एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि DJ बजाने के लिए नियमानुसार अनुमति लेनी होगी। साथ ही आयोजकों को गाने धीमी आवाज में बजाने और ध्वनि संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए, ताकि आम नागरिकों को परेशानी न हो।
प्रत्येक समिति में रजिस्टर रखना अनिवार्य
थाना प्रभारी ने आयोजन समितियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक समिति अपना एक रजिस्टर संधारित करे। इसके साथ ही रात्रि के समय समिति का एक व्यक्ति मौजूद रहे, ताकि आयोजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिल सके। उन्होंने पर्वों के दौरान शांति, अनुशासन और आपसी समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
बैठक में ग्राम पटेल प्रहलाद सिंह खत्री, विधायक प्रतिनिधि अरुण तिवारी, अरुण अग्रवाल, अवंतिका तिवारी, सरपंच लखनलाल भिलाला, सौरभ अग्निहोत्री, शाविर कुरैशी, राहुल सोनकर, मुकेश प्रजापति सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पुलिस प्रशासन ने आयोजकों से पर्वों को आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।

