बीड। महाराष्ट्र के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीड, धाराशिव और सोलापुर जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन के अनुरोध पर एनडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई हैं। राहत व बचाव कार्य में लगी एनडीआरएफ की टीम ने करीब 94 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। जानकारी अनुसार धाराशिव जिले के कपिलापुरी गांव में भारी बारिश से बाढ़ का पानी घरों में घुस गया। ग्रामीण अंदर ही फंस गए थे। कठिन परिस्थितियों में एनडीआरएफ ने रातभर अभियान चलाकर 9 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता पाई। इसी प्रकार सोलापुर जिले में भी हालात बेहद गंभीर रहे। एनडीआरएफ की टीम ने रातभर अथक प्रयास कर 59 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे शामिल थे।
बीड जिले में सेना की मदद
बीड जिले के घाटपिंपरी और आसपास के गांवों में बाढ़ का पानी बढ़ने से सभी रास्ते बंद हो गए थे। हालात बिगड़ने पर जिला प्रशासन के अनुरोध पर भारतीय सेना ने मोर्चा संभाला। राहत और बचाव कार्य के लिए नासिक से एक एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर और दो चेतक हेलिकॉप्टर भेजे गए थे। मौसम अनुकूल रहने पर इनसे हवाई राहत कार्य भी शुरू किया गया। स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन ने एनडीआरएफ और सेना की तत्परता की सराहना की। उनका कहना है कि समय पर पहुंची मदद से बड़ी जनहानि टल गई। राहत दलों की तेजी और पेशेवराना प्रयासों के कारण अब तक बीड, धाराशिव और सोलापुर में करीब 94 लोगों की जान बचाई जा चुकी है।

