देवास। देवास के तहसील कार्यालय में ईओडब्ल्यू ने शुक्रवार को अपर तहसीलदार हर्षल बहरानी को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई किसान ताराचंद पटेल की शिकायत पर की गई, जो जमीन संबंधी तीन मामलों के निराकरण के लिए रिश्वत मांगे जाने से परेशान थे।
ईओडब्ल्यू की 12 सदस्यीय टीम ने डीएसपी अमित वट्टी के नेतृत्व में तहसील कार्यालय पहुंचकर यह कार्रवाई की। अपर तहसीलदार हर्षल बहरानी पर जमीन की नपती, नामांतरण और दुरुस्तीकरण से जुड़े मामलों को निपटाने के लिए रिश्वत मांगने का आरोप था। किसान ताराचंद पटेल ने 27 अक्टूबर को ईओडब्ल्यू एसपी को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अपर तहसीलदार द्वारा उनके तीन लंबित मामलों के निराकरण के लिए 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी। बाद में 15 हजार रुपए पर सहमति बनी थी।
डीएसपी अमित वट्टी ने बताया कि शिकायत का सत्यापन उज्जैन एसपी ईओडब्ल्यू द्वारा करवाया गया, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद आज कार्रवाई करते हुए अपर तहसीलदार को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। नागोरा निवासी किसान ताराचंद पटेल ने बताया कि उनका नामांतरण का एक प्रकरण आठ महीने से लंबित था। इसके अलावा पिता के नाम से संबंधित और एक अन्य फाइल भी अटकी हुई थी। इन तीनों कार्यों के लिए उन्हें लगातार नए-नए नियम बताकर परेशान किया जा रहा था।

