मुंबई। भारतीय शेयर बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुआ। सप्ताह के तीसरे ही कारोबारी दिन बाजार में ये उछाल दुनिया भर से मिले-जुले संकेतों के बाद भी खरीददारी हावी रहने से आया है। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स अंत में 513.45 अंक बढ़कर 85,186.47 और 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 142.60 अंक ऊपर आकर 26,052.65 पर बंद हुआ। आईटी शेयरों में तेजी से भी बाजार को बल मिला। निफ्टी आईटी इंडेक्स 2.97 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ। निफ्टी पीएसयू बैंक 1.16 फीसदी , निफ्टी कंजप्शन 0.40 फीसदी और निफ्टी हेल्थकेयर 0.48 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर निफ्टी एनर्जी 0.25 फीसदी , निफ्टी कमोडिटीज 0.38 फीसदी और निफ्टी पीएसई 0.35 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ। आज मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में मिश्रित कारोबार हुआ। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 127.05 अंक की बढ़त के साथ 60,949.05 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 78.80 अंक नीचे आकर 18,075.95 पर रहा था। सेंसेक्स पैक में इन्फोसिस, टीसीएस, एचयूएल, सन फार्मा, टाइटन, एसबीआई, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, एमएंडएम, कोटक महिंद्रा, बीईएल, भारती एयरटेल, एलएंडटी, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक और पावर ग्रिड के शेयर लाभ में रहे जबकि मारुति सुजुकी, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी और आईटीसी, ट्रेंट के शेयर नुकसान में रहे थे। जानकारों के अनुसार भारत-अमेरिका ट्रेड डील से भी बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। फेड की ओर से ब्याज दरों में कमी की संभावना से भी आईटी शेयरों में तेजी रही है।
ब्रेकिंग
