शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ पवन सोमानी ने जांचा बच्चों का स्वास्थ्य
फ़ोटो
हरदा। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शिवानुजा प्ले स्कूल, हरदा में गत दिवस एक निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर में शहर के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. पवन सोमानी ने बच्चों के स्वास्थ्य की जाँच की। शिविर के दौरान डॉ. सोमानी ने विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के सामान्य स्वास्थ्य, लंबाई–वजन, शारीरिक एवं मानसिक विकास, पोषण स्तर तथा मौसमी बीमारियों से जुड़ी आवश्यक जाँचें कीं।
इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के संतुलित आहार, दिनचर्या, टीकाकरण और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने को लेकर विस्तार से जानकारी दी। स्वास्थ्य जाँच के समय बच्चों के पालक व अभिभावक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने डॉक्टर से व्यक्तिगत रूप से अपने बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछे और उचित परामर्श प्राप्त किया।
अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन द्वारा की गई इस पहल को अत्यंत उपयोगी और सराहनीय बताया। विद्यालय प्रबंधन से संचालक विभूति गौर ने बताया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है और भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा।
यह स्वास्थ्य शिविर बच्चों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अभिभावकों को सही दिशा में मार्गदर्शन देने की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय प्रयास साबित हुआ।
इस अवसर पर समीक्षा त्यागी, सुधा ठाडा, ऋतु राजपूत, भावना वर्मा, माधुरी शर्मा, आनंद गौर,अनिमेष देवड़ा सहित अन्य उपस्थित थे।

