ऑपरेशन चक्रव्यूह: प्रतापगढ़ पुलिस का महाधमाका, किराना स्टोर की आड़ में चल रही ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़
मकड़ाई एक्सप्रेस 24 राजस्थान। प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ निर्णायक प्रहार किया है। जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत सोमवार को शहर के बीचों-बीच एक बड़ी सफलता हासिल की गई। पुलिस ने एक किराना स्टोर और अनाज गोदाम की आड़ में चल रही अवैध एमडी (MD) ड्रग्स निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में लगभग 5 करोड़ रुपये मूल्य की तैयार ड्रग्स और कच्चा माल जब्त किया गया है।
गुप्त कमरे में चल रहा था ‘जहरीला’ खेल
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि वाटरवर्क्स रोड स्थित ‘नाकोड़ा किराना एंड जनरल स्टोर’ के पीछे स्थित गोदाम में संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं। सूचना की पुष्टि होने पर थानाधिकारी शंभुसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोदाम पर दबिश दी।
जैसे ही पुलिस टीम गोदाम के अंदर बने एक गुप्त कमरे में दाखिल हुई, वहां मौजूद रसायनों की तीखी गंध से पुलिसकर्मियों की आंखों में तेज जलन होने लगी। कमरे के अंदर का नजारा चौंकाने वाला था; वहां बड़े पैमाने पर सिंथेटिक ड्रग्स बनाने का पूरा सेटअप लगा हुआ था।
5 करोड़ की खेप और आधुनिक उपकरण बरामद
पुलिस ने मौके से 106 ग्राम शुद्ध एमडी और ड्रग्स तैयार करने के लिए रखा गया 114.750 किलोग्राम तरल केमिकल बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा, फैक्ट्री से भारी मात्रा में उपकरण जब्त किए गए हैं, जिनमें शामिल हैं:
इलेक्ट्रॉनिक व इंडेक्स हीटर और ब्लोअर मशीन।
कांच के प्रयोगशाला फ्लास्क, बड़े जार और विशेष मिक्सिंग मशीनें।
सटीक माप के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटे।
सुरक्षा उपकरण जैसे रबर ग्लव्स और अन्य रसायनिक पात्र।
किराना व्यापारी निकले ड्रग्स माफिया, आरोपी फरार
प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी धर्मचन्द मोगरा जैन और रोहित मोगरा जैन, जो समाज में किराना और अनाज व्यापारी के रूप में पहचान रखते थे, इस अवैध धंधे के मास्टरमाइंड हैं। पुलिस की भनक लगते ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में टीमें रवाना कर दी गई हैं। मामले की अग्रिम जांच अरनोद थानाधिकारी शिवलाल को सौंपी गई है।
विशेष टीम की रही अहम भूमिका
इस बड़े ऑपरेशन को अंजाम देने में थानाधिकारी शंभुसिंह के साथ-साथ कांस्टेबल पंकज बिश्नोई और संजय की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

