हरदा। श्री भुआना प्रांतीय गुर्जर सभा हरदा के संरक्षण में गुर्जर छात्रावास परिसर में भगवान देवनारायण भवन का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। नव निर्मित भवन में 13 कमरे एवं एक विशाल हॉल का निर्माण कराया गया है। भवन का निर्माण गुर्जर समाज के छात्रावास में रहने वाले पूर्व छात्रों एवं समाज के अन्य दानदाताओं के सहयोग से सम्पन्न हुआ।
लोकार्पण कार्यक्रम श्री भुआना प्रांतीय गुर्जर सभा हरदा के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण दुगाया की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक डॉ. आर.के. दोगने रहे। वहीं श्री हरिप्रसाद मुकाती, अध्यक्ष श्री भुआणा प्रांतीय गुर्जर महासभा नयाखेड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर भवन निर्माण में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं का सम्मान किया गया। अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण दुगाया ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में ऐसे भवनों का निर्माण सामाजिक उत्थान की दिशा में अतुलनीय योगदान है और इससे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम का संचालन युवा अध्यक्ष संजय बिजगाने ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मंगल भवन समिति अध्यक्ष राजेश बांके ने माना। भवन निर्माण कराने वाली समिति के सदस्यों का भी सम्मान किया गया।

