हरदा : लगातार बढ़ती गर्मी और गिरते भूजल स्तर के कारण पानी की किल्लत एक गंभीर चुनौती बनती जा रही है। पानी की हर एक बूंद कीमती है और इस अनमोल धरोहर को सहेजना हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी है। आगामी मानसून को देखते हुए, नगर पालिका परिषद हरदा ने सभी सम्मानित नागरिकों से अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली अपनाने की अपील की है।
जारी अपील में कहा गया है कि यदि हम बारिश के पानी को सहेज लें, तो न केवल हम अपने शहर को जल संकट से बचा सकते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी पानी सुरक्षित कर सकते हैं।
रेन वाटर हार्वेस्टिंग क्यों है जरूरी?
भूजल स्तर में सुधार : बारिश का पानी सीधे जमीन के अंदर जाने से सूखे कुएं, बावड़ियां और बोरवेल फिर से जीवित हो जाते हैं। संचित किए गए वर्षा जल का उपयोग कपड़े धोने, बागवानी और सफाई जैसे घरेलू कामों में किया जा सकता है, जिससे टैंकरों या मुख्य सप्लाई पर निर्भरता कम होगी। सड़कों पर पानी बहने के बजाय जमीन में जाएगा, जिससे मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
आप कैसे योगदान दे सकते हैं?
रूफटॉप हार्वेस्टिंग : अपने घर की छत पर गिरने वाले बारिश के पानी को पाइप के जरिए एक फिल्टर टैंक से जोड़ें और उसे सीधे बोरवेल या रीचार्ज पिट में डालें।
सोख्ता गड्ढा : अपने परिसर के खाली हिस्से में एक छोटा सोख्ता गड्ढा बनाएं, ताकि जमीन पानी को आसानी से सोख सके।
जागरूकता फैलाएं : अपने पड़ोसियों और मित्रों को भी इस मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
तकनीकी सहायता के लिए संपर्क करें
यदि अपने घर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए किसी भी प्रकार की तकनीकी सलाह या मार्गदर्शन की आवश्यकता है, तो आप नगर पालिका के भवन अनुमति शाखा के प्रदीप चौहान हेल्पलाइन नंबर 7987742527 पर संपर्क कर सकते हैं,
इसके अतिरिक्त निर्माण कार्य हेतु ठेकेदार अक्षय उपप्रीत मोबाइल नंबर 9826505320 नवल किशोर झा मोबाइल नंबर 9826797537 पर संपर्क किया जा सकता है। ‘जल है तो कल है। आइए, इस मानसून में हम सब मिलकर संकल्प लें कि बारिश की एक भी बूंद बर्बाद नहीं होने देंगे और हरदा को एक जल-सुरक्षित शहर बनाएंगे।’

