पेट्रोल-डीजल की सप्लाई सामान्य, अफवाहों पर विराम
Makdai express 24 Bhopal ।मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल को लेकर फैली अफवाहों के बाद सरकार ने साफ किया है कि प्रदेश में ईंधन की कोई कमी नहीं है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि सभी डिपो और रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं।
प्रदेश में रोजाना करीब 8000 किलोलीटर पेट्रोल और 16000 किलोलीटर डीजल की आपूर्ति की जा रही है। भोपाल के भौंरी डिपो से रोज 12 लाख लीटर डीजल और 9 लाख लीटर पेट्रोल 192 पंपों को भेजा जा रहा है। अफवाहों के चलते कुछ दिन खपत 36000 किलोलीटर तक पहुंच गई थी, फिर भी सप्लाई में कोई बाधा नहीं आई। अब पंपों पर भीड़ कम हो गई है और स्थिति सामान्य है।
गैस सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी तेज
एलपीजी को लेकर भी राहत है। तेल कंपनियों के मुताबिक प्रदेश में प्रतिदिन 2.20 लाख घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति हो रही है। पहले बुकिंग के बाद 4-5 दिन तक इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब ज्यादातर जगह अगले दिन ही सिलेंडर घर पहुंच रहा है।
भोपाल में पैनिक बुकिंग 5 गुना बढ़ गई थी। एक एजेंसी पर 1600 बुकिंग के मुकाबले स्टॉक सिर्फ 350 सिलेंडर का था। फूड कंट्रोलर ने बताया कि अब 2 से 4 दिन में डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का बुकिंग चक्र तय किया गया है। 95% उपभोक्ता अब ऑनलाइन बुकिंग कर रहे हैं।
कालाबाजारी पर सख्ती, 10 FIR दर्ज
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक है। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। कालाबाजारी रोकने के लिए 2050 ठिकानों पर छापेमारी की गई और 3561 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। अब तक 10 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं:
– इंडियन ऑयल: 1800-2333-555
– एचपीसीएल: 1800-258-7170
– बीपीसीएल: 1800-22-4344
पीएनजी को बढ़ावा, 3 महीने में 2 लाख नए कनेक्शन का लक्ष्य
जिन इलाकों में पाइप्ड नेचुरल गैस पहुंच गई है, वहां उपभोक्ताओं को 3 महीने में पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य किया जा रहा है। इसके बाद उन घरों में एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई बंद कर दी जाएगी। सरकार ने अगले 3 महीनों में 2 लाख नए पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा है। अभी प्रदेश में 2.16 लाख घरेलू पीएनजी कनेक्शन हैं।

