हंडिया : हरियाली अमावस्या पर खेडी नीमा में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, निकली कलश व तिरंगा यात्रा!
वृक्षारोपण कर लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उत्साह से लिया हिस्सा!
हंडिया।हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर जन अभियान परिषद, मध्यप्रदेश शासन, जिला हरदा के तत्वावधान में शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला खेड़ी नीमा में वृक्षारोपण, कलश यात्रा एवं तिरंगा यात्रा का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य “हरियाली से खुशहाली की ओर—हरा-भरा एवं स्वच्छ पर्यावरण” का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक संदीप गौहर एवं विकासखंड समन्वयक राकेश वर्मा ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। पेड़-पौधे हमें शुद्ध वायु, छाया, फल-फूल प्रदान करने के साथ ही पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
कलश और तिरंगा यात्रा ने दिया देशभक्ति व पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, ग्रामीणजनों एवं महिलाओं द्वारा कलश यात्रा एवं तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के माध्यम से देशभक्ति, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके बाद विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा उनकी देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर शिक्षक शिवप्रसाद माल्या ने कहा कि हरियाली अमावस्या केवल पौधारोपण का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेने का दिन है। प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षण दे, तो गांव, विद्यालय और पूरा क्षेत्र हरा-भरा, स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में जन अभियान परिषद जिला समन्वयक संदीप गौहर, विकासखंड समन्वयक राकेश वर्मा, विकासखंड समन्वयक राधेश्याम विश्वकर्मा, परामर्शदाता दीनबंधु गौर, संस्था प्रमुख लक्ष्मीनारायण डूडी, दरियाव सिंह चौहान, शिक्षक शिवप्रसाद माल्या, सुमेर सिंह चौहान, सहायक सचिव नंदलाल उईके, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, ग्रामीणजन, माता-बहनें एवं विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक शिवप्रसाद माल्या ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने “एक पौधा लगाएं, उसकी रक्षा करें—धरती को हरा-भरा और जीवन को खुशहाल बनाएं” का संकल्प लिया।

