हंडिया : हंडिया में पंचायत की लापरवाही! आंगनबाड़ी के पास सड़क पर बह रहा गंदा पानी, टूटी नालियों ने बढ़ाई परेशानी!
हंडिया। ग्राम पंचायत हंडिया की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। आंगनबाड़ी भवन के आसपास मार्ग की हालत बद से बदतर होती जा रही है। नालियां जगह-जगह क्षतिग्रस्त पड़ी हैं, जिसके चलते घरों से निकलने वाला गंदा पानी निकासी व्यवस्था के अभाव में सीधे सड़क पर फैल रहा है।
स्थिति यह है कि मार्ग पर दो-तीन स्थानों पर गंदा पानी सड़क पर जमा होकर फैल चुका है, वहीं सड़क पर बने गड्ढे राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। बारिश के दिनों में समस्या और गंभीर हो गई है। पैदल निकलने वाले लोगों, दोपहिया वाहन चालकों तथा आसपास के रहवासियों को गंदे पानी और गड्ढों के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
आखिर जिम्मेदारों की नजर कब पड़ेगी?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों को क्षेत्र की सफाई, नाली और सड़क व्यवस्था दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी दी गई है, तो फिर लंबे समय से बनी इस समस्या का समाधान क्यों नहीं किया जा रहा है?
आंगनबाड़ी के आसपास इस तरह गंदा पानी फैलना स्वच्छता और स्वास्थ्य दोनों के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है। पानी जमा रहने से मच्छरों की समस्या बढ़ने के साथ ही बदबू और संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है।
ग्रामीणों की मांग—तुरंत हो समस्या का समाधान
स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत द्वारा यदि समय रहते नालियों की मरम्मत कराकर पानी की उचित निकासी की व्यवस्था कर दी जाए तथा सड़क के गड्ढों को भर दिया जाए तो समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है।
अब देखना यह है कि ग्राम पंचायत हंडिया के जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस बदहाल व्यवस्था पर कब संज्ञान लेते हैं, या फिर ग्रामीणों को इसी तरह गंदे पानी और गड्ढों के बीच आवागमन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

