नवांकुर सखी हरियाली और तिरंगा यात्रा के साथ हुआ पौधारोपण
हरदा : मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड हरदा अंतर्गत नवांकुर संस्था सेक्टर मगरधा-प्रयास सामाजिक समिति, कुकरावद द्वारा हरियाली अमावस्या के शुभ अवसर पर ग्राम कुकरावद में एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, पर्यावरण संगोष्ठी और नवांकुर सखी हरियाली एवं तिरंगा यात्रा जैसे विविध कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को प्रकृति और राष्ट्र के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम कुकरावद में निकाली गई संयुक्त ‘नवांकुर सखी हरियाली यात्रा’ एवं ‘तिरंगा यात्रा’ से हुई। इस यात्रा में नवांकुर सखियों और ग्रामीणों ने हाथों में तिरंगा और पौधे लेकर पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। यात्रा के माध्यम से गांव भर में पर्यावरण बचाओ और देशभक्ति का संदेश प्रसारित किया गया।
पर्यावरण संगोष्ठी एवं पौधारोपण यात्रा के पश्चात आयोजित पर्यावरण संगोष्ठी में उपस्थित अतिथियों ने प्रकृति संतुलन और पौधारोपण के महत्व पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और मौसम में आ रहे बदलावों से निपटने के लिए हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और
उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। संगोष्ठी के उपरांत नवांकुर सखियों द्वारा स्वयं तैयार किए गए पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने इन पौधों की सुरक्षा और देखभाल का संकल्प लिया।
इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री संदीप गौहर, विकासखंड समन्वयक राकेश वर्मा, ग्राम विकास प्रभाग के विभाग संगठन मंत्री पदम सिंह राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रयास सामाजिक संस्था हरदा सीईओ नीरज गुर्जर ने कहा कि नारी शक्ति के साथ हरा भरा गांव बनाने की पहल से पर्यावरण जागरूकता संदेश जाता है।
कार्यक्रम में सामाजिक समरसता जिला संयोजक अखिलेश पटेल, सामाजिक कार्यकर्ता बलराम पटेल, परामर्शदाता दीनबंधु गौर, पंचायत सचिव रितेश सोनी, पंचायत कर्मी युनुस खान एवं प्रयास सामाजिक समिति के सदस्यगण गणेश पाटिल सहित बड़ी संख्या में नवांकुर सखियों और स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के अंत में समिति द्वारा सभी उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया।

