हरदा : पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रावासों में शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश आवेदन आमंत्रित किए गए है। सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण नरेन्द्र गौतम ने बताया कि तवा कॉलोनी दुर्गा मंदिर के पीछे पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास में 80 रिक्त सीटों और छीपानेर रोड़ नहर के पास स्थित पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में 80 रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाना है।
छात्रावास में प्रवेश के लिए ऐसे छात्र/छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनके निवास से पाँच मील की परिधि में संबंधित शैक्षणिक संस्था उपलब्ध नही है। कक्षा 11वी. से लेकर स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में नियमित रूप से अध्ययनरत पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थी आवेदन कर सकते है।
आवेदन हेतु सक्षम अधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाण पत्र एवं शैक्षणिक संस्था में प्रवेश होना अनिवार्य होगा। प्रवेश हेतु आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। विस्तृत जानकारी हेतु कार्यालय सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग कलेक्टर परिसर रूम नं. 52 में संपर्क किया जा सकता है।

