ट्रेन हादसे में हुई थी मौत, परिजनों की तलाश में सोशल मीडिया तक खंगाला, पहचान न होने पर मुक्तिधाम में किया कफन-दफन
केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा। पगढाल रेलवे स्टेशन के पास हुए रविवार को दर्दनाक ट्रेन हादसे में जान गंवाने वाले अज्ञात व्यक्ति के लिए हरदा जीआरपी पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश की है। जब मृतक की पहचान के सारे प्रयास विफल हो गए और कोई परिजन सामने नहीं आया, तो पुलिस ने ही बेटे का फर्ज निभाते हुए पूरे सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया।
पुलिस के अनुसार घटना ग्राम पगढाल रेलवे स्टेशन के पास की है। ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंची जीआरपी हरदा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।
सोशल मीडिया पर भी चलाया अभियान
मृतक के नाम-पते और परिजनों का पता लगाने के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया सहित सभी माध्यमों से फोटो और सूचना प्रसारित की, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
परिजनों के न मिलने पर जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे के मार्गदर्शन में मर्ग कायम किया गया। मर्ग की कार्रवाई प्रधान आरक्षक तुलसीराम यादव ने की। इसके बाद तय किया गया कि लावारिस समझकर शव को ऐसे ही नहीं छोड़ा जाएगा।
सिवनी मालवा के मुक्तिधाम में जेसीबी से गड्ढा खुदवाया गया और आरक्षक अनिरुद्ध सिंह चौहान द्वारा विधि विधान से कफन-दफन कर फूल-माला अर्पित कर अंतिम विदाई दी गई।

