इंदौर। शहर के साउथ तोड़ा इलाके में मंगलवार को नगर निगम की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हो गया। कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति बन गई। इसी दौरान दो युवकों पर एडिशनल DCP दिशेष अग्रवाल को धक्का देने का आरोप है, जिससे अधिकारी जमीन पर गिर गए।
बुलडोजर कार्रवाई का विरोध
नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ साउथ तोड़ा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। जैसे ही निगम की कार्रवाई शुरू हुई, स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर तनाव बढ़ गया और पुलिस तथा लोगों के बीच धक्का-मुक्की हो गई।
अधिकारी को धक्का देने का आरोप
इसी दौरान एक युवक ने एडिशनल DCP दिशेष अग्रवाल को कथित तौर पर धक्का दे दिया। धक्का लगने से अधिकारी जमीन पर गिर पड़े। पुलिस ने तत्काल युवक को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
6 लोग हिरासत में
हंगामे के बाद पुलिस ने करीब 6 लोगों को हिरासत में लिया है। मौके पर 80 से अधिक पुलिसकर्मी और नगर निगम के 100 से ज्यादा कर्मचारी तैनात बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

