हरदा : जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितम्बर 2026 को ग्राम पंचायत हंडिया के रिद्धनाथ घाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर शाम 7 बजे एक साथ दीयों को प्रज्वलित किया जाएगा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने इस पूरे कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए नोडल अधिकारियों के रूप में अपर कलेक्टर अनुपमा चौहान और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण कुमार इवने को नियुक्त किया है।
10 सेक्टरों में बंटा घाट
घाट पर दीयों को व्यवस्थित ढंग से सजाने और जलाने के लिए पूरे क्षेत्र को 10 अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में दीये प्रज्वलित करने के लिए 10-10 कर्मचारियों और वालंटियर्स की ड्यूटी लगाई गई है। सभी सेक्टरों की निगरानी के लिए वरिष्ठ जिला अधिकारियों को संबंधित नोडल अधिकारी बनाया गया है।
आदेश के मुताबिक, सभी संबंधित अधिकारी 17 सितंबर को दीये, बत्तियां, मोमबत्तियां, माचिस और तेल जैसी आवश्यक सामग्रियां कार्यक्रम स्थल पर सुनिश्चित करेंगे तथा शाम 4 बजे तक दीयों की कतारें पूरी तरह तैयार कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर समय रहते सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी है।

