12वीं पूरक परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए कॉलेज एडमिशन पोर्टल 7 दिन खोलने की मांग
हरदा। कक्षा 12वीं की पूरक (Supplementary) परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों के कॉलेज प्रवेश को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) जिला हरदा ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ विश्वनोई ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 12वीं पूरक परीक्षा का परिणाम घोषित किए जाने में देरी के कारण कई विद्यार्थियों के कॉलेज प्रवेश की समय-सीमा समाप्त हो गई। परिणाम घोषित होने के बाद भी विद्यार्थी स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश नहीं ले पाए हैं।
NSUI ने मांग की है कि विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए कॉलेज एडमिशन पोर्टल को कम से कम 7 दिनों के लिए पुनः खोला जाए, ताकि पूरक परीक्षा उत्तीर्ण सभी विद्यार्थी अपना आवेदन जमा कर सकें और उनका शैक्षणिक वर्ष प्रभावित न हो।
ज्ञापन में उच्च शिक्षा विभाग एवं संबंधित विश्वविद्यालय से पत्राचार कर प्रवेश पोर्टल पुनः खोलने का आग्रह किया गया है।

