देवास के राजोदा गांव में जवारा विसर्जन के दौरान मधुमक्खियों का हमला, 20 से ज्यादा घायल, मची अफरा-तफरी
माता के जवारा विसर्जन जुलूस के दौरान यह हादसा हुआ। डीजे की तेज आवाज से पेड़ पर लगा मधुमक्खी का छत्ता भड़क गया और झुंड ने जुलूस में शामिल लोगों पर हमला कर दिया।
देवास। सोनकच्छ विकासखंड के राजोदा अगेरा गांव में जवारा विसर्जन के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इससे विसर्जन में शामिल श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार, 19 अक्टूबर को गांव में नवरात्रि के बाद जवारा विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। जुलूस में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा शामिल थे।
अचानक मधुमक्खी हुआ हमला
इसी दौरान पास के एक पेड़ पर लगे छत्ते से मधुमक्खियों का झुंड उड़कर भीड़ पर टूट पड़ा।
अचानक हुए हमले से लोग इधर-उधर भागने लगे। कई लोग जमीन पर गिर गए। इस हमले में करीब 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं।
घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती
घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ लोगों को ज्यादा काटने से सूजन और जलन की शिकायत है। ग्रामीणों के अनुसार ढोल-नगाड़ों की तेज आवाज से मधुमक्खियां उत्तेजित हो गई थीं। घटना के बाद विसर्जन का कार्यक्रम कुछ देर के लिए रोक दिया गया था, बाद में शांतिपूर्ण तरीके से जवारा विसर्जन पूरा किया गया।

