कभी-कभी प्रकृति की एक छोटी सी रचना भी आस्था का बड़ा केंद्र बन जाती है। कुछ ऐसा ही नजारा राजस्थान की एजुकेशन सिटी कोटा में देखने को मिल रहा है, जहां एक पपीते के फल में भगवान श्री गणेश जैसी आकृति नजर आ रही है।
चंबल पार कुन्हाड़ी में घर के बगीचे में चमत्कार
यह मामला चंबल नदी के पार कुन्हाड़ी इलाके की बालिका रोड स्थित आदर्श नगर का है। यहां रहने वाले गुलाबचंद बनवाड़िया के घर के बगीचे में लगे पपीते के एक फल में गणपति की आकृति उभरी है। फल में स्पष्ट रूप से सूंड, एकदंत और शरीर जैसी बनावट दिखाई दे रही है।
आकृति दिखने के बाद परिवार ने फल को तोड़कर घर के मंदिर में स्थापित कर दिया है और नियमित पूजा-अर्चना शुरू कर दी है। तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही आसपास के लोग दर्शन के लिए पहुंचने लगे हैं।
सेवानिवृत्त लेक्चरर दंपति के घर में है यह पेड़
गुलाबचंद बनवाड़िया और उनकी पत्नी कमल बनवाड़िया दोनों सेवानिवृत्त स्कूल लेक्चरर हैं। उनके घर के बगीचे में करीब एक साल पुराने पपीते के पेड़ पर कई फल लगे हैं, लेकिन एक फल की अनोखी बनावट ने सबका ध्यान खींच लिया।
उनके बेटे अंकित बनवाड़िया ड्राइंग टीचर हैं, वे भी इसे प्रकृति की अद्भुत कलाकृति मान रहे हैं। परिवार का कहना है कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है।
स्थानीय श्रद्धालु इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, तो वहीं कई लोग इसे प्रकृति की अनोखी बनावट बता रहे हैं। फिलहाल यह पपीता कोटा में चर्चा का विषय बना हुआ है।

