गिर गाय के नाम पर सोयाबीन तेल और केमिकल से बना घी बेचने का भंडाफोड़, जूनागढ़ में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई
जूनागढ़ । गुजरात के जूनागढ़ में शुद्ध देसी घी के नाम पर मिलावटी घी बेचने के बड़े कारोबार का पर्दाफाश हुआ है। एसओजी पुलिस ने मार्केटिंग यार्ड के पास एक कंटेनर पर छापा मारकर 300 से अधिक घी के डिब्बे बरामद किए हैं।
8 से ज्यादा ब्रांड के नाम पर बेचते थे नकली घी
कार्रवाई के दौरान पुलिस को ‘बृज मटुकी’, ‘केशव’ सहित आठ से अधिक अलग-अलग ब्रांड के नाम वाले घी के डिब्बे मिले हैं। आरोप है कि कमलेश सोढ़ा नाम का व्यापारी पिछले 4 से 5 सालों से गिर गाय के शुद्ध देसी घी के नाम पर नकली घी बाजार में सप्लाई कर रहा था।
सोयाबीन तेल और एसेंस से तैयार करते थे घी, 600 रुपये किलो में बेचते थे
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोयाबीन तेल में केमिकल एसेंस मिलाकर घी जैसा उत्पाद तैयार किया जाता था और उसे 600 रुपये प्रति किलो तक की कीमत पर शुद्ध घी बताकर बेचा जा रहा था। हालांकि, घी में किन-किन पदार्थों का इस्तेमाल हुआ है, इसकी पुष्टि लैब रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी।
सैंपल वडोदरा भेजे गए, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
एसओजी की सूचना के बाद फूड एंड ड्रग्स विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बरामद डिब्बों से सैंपल एकत्र किए। सभी सैंपलों को जांच के लिए वडोदरा लैब भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मिलावट की पुष्टि और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद शुद्ध देसी घी के नाम पर बिक रहे उत्पादों की प्रामाणिकता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

