अधिकारी आते-जाते रहते हैं, लेकिन कुछ अपनी कार्यशैली से लोगों के दिलों में जगह बना लेते हैं… बृजेश साहू उन्हीं में से एक
हंडिया पहुंचे पूर्व प्रधान आरक्षक बृजेश साहू, मां नर्मदा के दर्शन कर रिद्धनाथ महाराज का किया जलाभिषेक
हंडिया। पुलिस विभाग में अधिकारियों और कर्मचारियों की पदस्थापना होती रहती है। कोई आता है, तो कोई स्थानांतरित होकर चला जाता है, लेकिन कुछ पुलिसकर्मी ऐसे होते हैं, जिनकी कार्यशैली और व्यवहार लोगों को लंबे समय तक याद रहते हैं। हंडिया में प्रधान आरक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके बृजेश साहू का नाम भी ऐसे ही पुलिसकर्मियों में लिया जाता है।
वर्तमान में रक्षित केंद्र हरदा में पदस्थ बृजेश साहू सोमवार को हंडिया पहुंचे। उन्होंने मां नर्मदा के दर्शन किए और श्री रिद्धनाथ महाराज का जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद नगर के लोगों और पुराने परिचितों से मुलाकात की।
हंडिया में पदस्थापना के दौरान बृजेश साहू अपनी तेजतर्रार कार्यशैली और व्यवहार कुशलता के लिए पहचाने जाते रहे। अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में उनकी सक्रियता और आम लोगों से सहज संवाद उनकी कार्यशैली के अहम पहलू रहे।
हंडिया को आज भी ऐसी पुलिसिंग की दरकार
बृजेश साहू के हंडिया आगमन के साथ यह बात भी प्रासंगिक हो जाती है कि पुलिस की पहचान केवल वर्दी और पद से नहीं, बल्कि उसके काम, व्यवहार और जनता में सुरक्षा के भरोसे से बनती है। हंडिया के लोग भी ऐसी कार्यशैली की अपेक्षा रखते हैं, जिसमें अपराधियों के खिलाफ सख्ती हो, आम नागरिकों की सुनवाई हो और पुलिस जनता के विश्वास पर खरी उतरे।
आखिरकार, पदस्थापना की अवधि भले ही सीमित हो, लेकिन अच्छे काम और व्यवहार से बनी पहचान लंबे समय तक कायम रहती है।

