50 हजार रुपए सड़क पर मिले, लेकिन ईमानदारी नहीं डगमगाई! आलिया खान ने थाने पहुंचकर पुलिस को सौंपी रकम, हरदा में हो रही सराहना
हरदा। दीपावली के त्योहार पर जहां हर कोई खुशियां मनाने की तैयारी में जुटा है, वहीं हरदा की एक बेटी ने अपनी ईमानदारी से समाज के सामने इंसानियत और नैतिकता की मिसाल पेश की है। सड़क पर मिले 50 हजार रुपए देखकर भी आलिया खान का ईमान नहीं डगमगाया। उन्होंने बिना किसी लालच के अपने भाई के साथ थाने पहुंचकर पूरी रकम पुलिस को सौंप दी।
जानकारी के अनुसार, रहटाखुर्द गांव निवासी आलिया खान बीकॉम तक शिक्षित हैं।
वे खरीदारी के लिए हरदा आई थीं। इसी दौरान उन्हें बस स्टैंड रोड पर 50 हजार रुपए पड़े मिले। इतनी बड़ी रकम मिलने के बावजूद उन्होंने उसे अपने पास रखने के बजाय उसके असली मालिक तक पहुंचाने का फैसला किया।
आलिया ने बताया कि दीपावली के समय ये रुपए किसी जरूरतमंद व्यक्ति के हो सकते हैं। यदि रकम उसके मालिक तक नहीं पहुंची तो उसे आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसी सोच के साथ वे बस स्टैंड पर काम कर रहे अपने भाई के पास पहुंचीं और पूरी घटना बताई। इसके बाद दोनों भाई-बहन थाने पहुंचे और रकम पुलिस के सुपुर्द कर दी।
टीआई रोशनलाल भारती ने की सराहना
टीआई रोशनलाल भारती ने बताया कि आलिया खान ने थाने आकर 50 हजार रुपए जमा कराए हैं। सही दस्तावेज और पहचान प्रस्तुत करने वाले व्यक्ति को नियमानुसार रकम लौटा दी जाएगी। पुलिस ने आलिया की ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की सराहना की है।
ईमानदारी की ऐसी मिसाल को सलाम!
आज के दौर में जब छोटी-छोटी बातों पर लोग अपना ईमान खो देते हैं, ऐसे समय में आलिया खान ने साबित कर दिया कि इंसान की असली पहचान उसकी शिक्षा, संस्कार और ईमानदारी से होती है। दीपावली के अवसर पर आलिया ने किसी के घर की खुशियां बचाने की जो कोशिश की है, वह वास्तव में काबिल-ए-तारीफ है।
आलिया खान की इस नेक पहल को सलाम। 👏

