रतलाम एक्सप्रेस-वे पर GST अधिकारी की कार हादसे का शिकार, कार से लाखों कैश बरामद
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया।
जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र के नीमल-नागदी गांव के पास एक कार पुल से नीचे उतरते समय अनियंत्रित होकर पलट गई। कार में GST विभाग के अधिकारी प्रवीण कुमार (40), उनकी पत्नी संतोष (37) और दो बेटे आदित्य (10) और अथर्व (8) सवार थे। हादसे में चारों लोग गंभीर घायल हो गए।
मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने सभी घायलों को जावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
कार से मिले नकदी से भरे बैग
हादसे के बाद पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें दो ट्रैवल बैग मिले। बैग के अंदर बड़ी मात्रा में नकदी और सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक 500 रुपये के करीब 92 बंडल और 200 रुपये के बंडल मिले हैं। कुल रकम करीब 50 से 55 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने पूरी रकम और ज्वेलरी को पंचनामा बनाकर अपनी कस्टडी में ले लिया है।
दीपावली छुट्टी पर जा रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि अधिकारी गुजरात के वापी में पदस्थ हैं और मूल रूप से राजस्थान के श्रीगंगानगर के रहने वाले हैं। वह दीपावली की छुट्टी पर सूरत से अपने घर गंगानगर जा रहे थे।
जावरा औद्योगिक थाना प्रभारी के अनुसार, घायलों की हालत गंभीर होने के कारण अभी उनके बयान नहीं लिए जा सके हैं। बयान दर्ज होने और विभागीय वेरिफिकेशन के बाद ही साफ होगा कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और कहां ले जाई जा रही थी। फिलहाल पुलिस ने सड़क हादसे का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

