बच्चे को गोद में लिए पिता पर पुलिस ने बरसाई लाठियां, वरुण गांधी ने लिखा – बहुत कष्टदायक

मकड़ाई समाचार कानपुर। अपनी ही सरकार के खिलाफ लगातार ऊँगली उठाने वाले भाजपा सांसद वरुण गांधी ने फिर योगी सरकार को निशाने पर लिया है। वरुण गांधी ने पुलिस द्वारा गोद में लिए बच्चे के साथ की जा रही बर्बरता के वायरल वीडियो को शेयर करते हुए ट्वीट किया है – न्याय मांगने वालों को न्याय के स्थान पर इस बर्बरता का सामना करना पड़े,यह बहुत कष्टदायक है। भयभीत समाज कानून के राज का उदाहरण नहीं है।

दरअसल कानपुर देहात क्षेत्र का एक वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल है। इसमें अकबरपुर कोतवाल वीके मिश्रा एक व्यक्ति को लाठियों से मार रहे हैं। व्यक्ति अपने बच्चे को गोद में लिए हुए खुद को बचाने की कोशिश कर रहा है बच्चा रो रहा है व्यक्ति गुहार लगा रहा है मत मारिये साहब बच्चे को लग जायेगा। लेकिन इन्स्पेक्टर रुक नहीं रहे।

- Install Android App -

ये पूरा घटनाक्रम जिला अस्पताल के सामने का है।  कोतवाल व्यक्ति को लाठी से मार रहे हैं, उन साथ मौजूद पुलिस के अधिकारी बच्चे को छीनने की कोशिश करते भी दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि व्यक्ति ने कोतवाल के हाथ में काट लिया था जिससे वे उत्तेजित हो गए।  इस घटना का कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया।  वीडियो वायरल होने के बाद एडीजी जॉन भानु भास्कर ने इन्स्पेक्टर को निलंबित कर दिया।

वायरल वीडियो को लेकर भाजपा के पीलीभीत सांसद वरुण गांधी ने ट्वीट किया है – सशक्त कानून व्यवस्था वो है जहां कमजोर से कमजोर व्यक्ति को न्याय मिल सके। यह नहीं कि न्याय मांगने वालों को न्याय के स्थान पर इस बर्बरता का सामना करना पड़े,यह बहुत कष्टदायक है।भयभीत समाज कानून के राज का उदाहरण नहीं है। सशक्त कानून व्यवस्था वो है जहां कानून का भय हो, पुलिस का नहीं।