ओंकारेश्वर। पवित्र तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में प्रसाद के नाम पर मिलावटी मिठाई बेचने वालों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को मंदिर प्रांगण स्थित दुकानों पर छापा मारते हुए लगभग 2.53 लाख मूल्य की संदिग्ध मिठाई जप्त की और एक दुकान को सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार, “ओंकार पेड़ा भंडार” नामक दुकान क्रमांक-2, विक्रेता समाधान पिता दत्तात्रय धस तथा मालिक नायनेश्वर पिता आत्माराम मोहिते द्वारा महाराष्ट्र से लाई गई मिल्क केक और मावा पेड़ा जैसी प्रसादी सामग्री बिना अनुज्ञप्ति के बेची जा रही थी। प्राप्त शिकायतों के आधार पर खाद्य विभाग ने जांच की तो मिठाई में मिलावट की पुष्टि हुई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि छापेमारी के दौरान दुकान से 300 किलोग्राम मावा पेड़ा (कीमत 1,20,000) और 334.50 किलोग्राम मिल्क केक (कीमत 1,33,800) सहित कुल 2,53,800 मूल्य की मिठाई जप्त की गई।
सैंपल जांच हेतु लैब भेजे गए हैं, और रिपोर्ट आने तक दुकान को सील कर दिया गया है। साथ ही यह भी पाया गया कि दुकान बिना वैध लाइसेंस के संचालित की जा रही थी। इस कार्रवाई में एसडीएम पंकज वर्मा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीव मिश्रा, खाद्य अधिकारी राधेश्याम गोले, नायब तहसीलदार उदय मंडलोई और लैब केमिस्ट विनय साकेत शामिल रहे। टीम ने मौके पर ही दुकानदार को आगामी आदेश तक दुकान बंद रखने के निर्देश दिए।

