गणेश चतुर्थी से अनंत चौदस तक व्यवस्थाओं पर मंथन; प्रतिमा विसर्जन, पीओपी और साउंड को लेकर हुई चर्चा, बस स्टैंड का अतिक्रमण भी उठा,,,,,
हंडिया। गणेश चतुर्थी, डोल ग्यारस, अनंत चौदस सहित आगामी त्योहारों को लेकर हंडिया में प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी को लेकर गुरुवार शाम थाना हंडिया परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार पूजा भाटी ने की।जिसमें नायब तहसीलदार कैलाश यादव और थाना प्रभारी आरपी कवरेती विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था,प्रतिमा विसर्जन, ध्वनि व्यवस्था और यातायात से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
कुंड में प्रतिमा विसर्जन को लेकर उठा मुद्दा,,,
बैठक में पंडित ओमप्रकाश दुबे ने श्री गणेश एवं देवी प्रतिमाओं के विसर्जन का मुद्दा उठाया।उन्होंने कहा कि इस बार कुंड में प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं किया जाए। साथ ही इस संबंध में प्रशासन से स्पष्ट व्यवस्था करने की बात रखी।
इस पर तहसीलदार पूजा भाटी ने कहा कि मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। उच्च अधिकारी जो भी निर्णय देंगे, उसका सभी को पालन करना होगा।तहसीलदार की बात पर बैठक में मौजूद लोगों ने सहमति जताई।
पीओपी की प्रतिमाओं से बचने की अपील,,,,
तहसीलदार ने बैठक में लोगों से पीओपी यानी प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं का उपयोग नहीं करने की अपील की।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के साथ मां नर्मदा को प्रदूषण से बचाने के लिए पर्यावरण अनुकूल प्रतिमाओं के उपयोग पर जोर दिया।
त्रैमासिक परीक्षाएं चल रही हैं, साउंड रहेगा कम,,,,
त्योहारों के दौरान साउंड सिस्टम को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई।
बच्चों की त्रैमासिक परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षा प्रभावित न हो, इसे देखते हुए गाने और साउंड सिस्टम तेज आवाज में नहीं बजाने पर सहमति बनी।आयोजन के दौरान साउंड की आवाज कम रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बस स्टैंड के अतिक्रमण का मुद्दा भी उठा,,,
बैठक में हंडिया बस स्टैंड पर अतिक्रमण का मुद्दा भी सामने आया।त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और यातायात को देखते हुए बस स्टैंड क्षेत्र में आवागमन व्यवस्था सुचारु रखने को लेकर चर्चा की गई।
शांति समिति की बैठक में ग्राम पटेल प्रहलाद सिंह खत्री,पंडित ओमप्रकाश दुबे, सरपंच लखनलाल भिलाला,सलमान शाह, साबिर कुरैशी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

