खबर के बाद हरकत में आया प्रशासन, जेसीबी से तोड़ा नाला, निकाला कचरा एसडीएम विजय राय -सीएमओ समेत अधिकारी पहुंचे मौके पर, जेल रोड पर निकासी का काम शुरू
केके यदुवंशी पत्रकार
सिवनी मालवा। जेल रोड पर जलभराव की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। मंगलवार दोपहर एसडीएम विजय राय, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमर सिंह उइके, नगर पालिका अध्यक्ष, रितेश जैन थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर और नपा कर्मचारी राजस्व मौके पर पहुंचे।
सोमवार को जेल रोड पर घुटनों तक भरे पानी की समस्या का जायजा लेने के बाद अधिकारियों ने तत्काल जेसीबी मंगवाई। जेसीबी की मदद से उस जगह की सड़क को तोड़ा गया जहां कचरे के कारण नाले का पानी रुक गया था। जेसीबी से नाले में गड्ढा कर कचरा निकालने का काम शुरू किया गया, ताकि जेल रोड का पानीआसानी से निकल सके।
मौके पर मौजूद एसडीएम विजय राय ने बताया कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। सीएमओ अमर सिंह उइके ने कहा कि जिन जगहों पर कचरे से नाले जाम हैं, वहां सफाई कराई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक जेसीबी से नाले की सफाई का काम जारी था।
क्या था मामला
सोमवार को एक घंटे की तेज बारिश में ही जेल रोड पर घुटनों तक पानी भर गया था। नपा के मानसून पूर्व सफाई के दावे फेल हो गए थे। नागरिकों की परेशानी को शहर के पत्रकारों ने समाचार पत्रों में प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया।

