हरदा/टिमरनी। टिमरनी क्षेत्र के वरिष्ठ अधिवक्ता संजय उपाध्याय के घर संचालित कार्यालय में मारपीट की घटना सामने आई है। शिकायत के अनुसार गुरुवार को करीब 11 से 12 बजे के बीच कुछ लोग कार्यालय में पहुंचे और वहां मौजूद अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों के साथ मारपीट व झूमाझटकी की।
फरियादी अधिवक्ता शुभम उपाध्याय ने टिमरनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई । शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कार्यालय में रखी सामग्री को भी इधर-उधर फेंका तथा बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट की। घटना के दौरान घर में महिलाएं भी मौजूद थीं, जिनके साथ भी बीच-बचाव के दौरान झूमाझटकी होने की बात सामने आई है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही गई है।
घटना में अधिवक्ता मयंक बोरसे घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विजय उर्फ कल्ली, शुभम, सुनील, सौरभ, ऋषभ सहित दो अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद अधिवक्ता संघ में रोष है। अधिवक्ताओं ने मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

