इच्छुक व्यक्ति 30 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन
हरदा : जिले में दलहन फसलों के मूल्य संवर्धन और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालनालय किसान कल्याण तथा कृषि विकास, मध्यप्रदेश द्वारा दलहनों में आत्मनिर्भरता मिशन के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग इकाई (दाल मिल) की स्थापना हेतु पात्र हितग्राहियों से 30 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि योजना के अंतर्गत कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ), क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ), प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) तथा पात्र व्यक्तिगत हितग्राही आवेदन कर सकते हैं। स्वीकृत परियोजना लागत पर 33 प्रतिशत अनुदान, अधिकतम 25 लाख रुपये तक शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार प्रदान किया जाएगा।
योजना का लाभ लेने के लिए बैंक ऋण प्राप्त करना अनिवार्य होगा। साथ ही कृषि अवसंरचना कोष (एआईएफ) के अंतर्गत ब्याज सहायता का लाभ भी उपलब्ध रहेगा, जिससे हितग्राहियों को रियायती ब्याज दर पर ऋण मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, नियम एवं शर्तों तथा ऑनलाइन आवेदन की विस्तृत जानकारी म.प्र. कृषि अभियांत्रिकी विभाग के पोर्टल पर उपलब्ध है।
इच्छुक आवेदक अधिक जानकारी के लिए उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास कार्यालय, हरदा अथवा अपने विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी/कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

